नारायणपुर: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर-दंतेवाड़ा जिले के बॉर्डर में शुक्रवार को सुरक्षाबल के जवानों को बड़ी कामयाबी मिली। गुरुवार को बस्तर क्षेत्र के सुकमा जिले में सुरक्षाबल के जवानों ने नक्सलियों के एक अस्थाई शिविर को ध्वस्त करने के साथ भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक और अन्य सामान बरामद किया था। सुरक्षाबल के जवानों ने मुठभेड़ में 14 नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों के पास से जवानों को बड़ी संख्या में ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद हुए हैं। नक्सलियों के पास एके 47 भी बरामद हुई है। फिलहाल इलाके के सर्चिंग अभियान जारी है। ऑपरेशन में शामिल सभी जवान सुरक्षित हैं। शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मुठभेड़ जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में हुई। उन्होंने बताया कि नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले की सीमा में स्थित अबूझमाड़ क्षेत्र में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना मिलने पर नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले से सुरक्षाबल के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोपहर लगभग एक बजे नक्सलवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि सुरक्षाबलों ने अब तक सात नक्सलियों के शव, एके 47 और एसएलआर समेत कई अन्य हथियार बरामद किये हैं। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में सभी जवानों के सुरक्षित होने की जानकारी मिली है।