अहिरौला आजमगढ़ अहिरौला थाना क्षेत्र के फुलवरिया–पारा गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक 18 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान पारा गांव निवासी सुरेश गौड़ की पुत्री सरिता (लगभग 18 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बीए की छात्रा बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब 3 बजे कुछ अज्ञात लोग लड़की को अचेत अवस्था में उसके घर के दरवाजे के पास छोड़कर चले गए। जब परिवार वालों की नजर पड़ी तो सरिता बेहोश हालत में थी। आनन-फानन में उसे घर के बरामदे में रखे तख्त पर लिटाया गया और हाथ-पैर मलकर होश में लाने की कोशिश की गई, लेकिन थोड़ी ही देर में उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही अहिरौला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुबह होते ही घटना की खबर पूरे इलाके में फैल गई और मृतका के घर लोगों की भीड़ जुटने लगी। मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि डीजम पुत्र जियालाल के बेटे ने उनकी बेटी की हत्या की है। परिवार के मुताबिक, पहले दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था, जिसको लेकर कुछ समय पहले मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। बताया जा रहा है कि उस मुकदमे में जल्द ही फैसला आने वाला था। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश में लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाया गया और घटना को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
