अतरौलिया आजमगढ़ राजा जयलाल सिंह 100 शैया राजकीय चिकित्सालय में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा के निर्देशन में महिला के गर्भाशय में बने बड़े फाइब्रॉयड (गांठ) को सफलतापूर्वक निकालकर उसके जीवन को नया सहारा दिया गया। यह जटिल ऑपरेशन करीब दो घंटे तक चला। इस सर्जरी में गायनाकोलॉजिस्ट डॉ. अमित सिंह, सर्जन डॉ. मुकेश गुप्ता, डॉ. इरफान, स्टाफ नर्स विजयलक्ष्मी शाही, कंचन और अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे। पूरी टीम ने समन्वय के साथ ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। सर्जरी के बाद डॉ. अमित सिंह ने बताया कि गर्भाशय में बनने वाली यह गांठ (फाइब्रॉयड) आजकल युवतियों और महिलाओं में तेजी से बढ़ती समस्या है। अनियमित दिनचर्या, मोटापा, तनाव, नींद की कमी, असंतुलित आहार और अनुवांशिक कारणों से यह स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने कहा कि हार्मोन एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन के स्तर बढ़ने पर ये गांठें आकार में बड़ी होती जाती हैं और समय पर इलाज न मिलने पर जटिल रूप भी ले सकती हैं। डॉ. अमित सिंह ने महिलाओं को सलाह दी कि रोजाना कम से कम आधा घंटा व्यायाम करें, फाइबर युक्त संतुलित आहार लें, जंक फूड से दूरी बनाए रखें और तनाव को कम करें। इससे इस बीमारी पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। सीएमएस डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा ने कहा कि सरकारी अस्पताल में हमारी टीम लगातार बड़े से बड़े ऑपरेशन कर क्षेत्र की जनता को राहत दे रही है। मरीजों को बेहतर सुविधा मिले इसके लिए अस्पताल में व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा रहा है।
