मुबारकपुर (आजमगढ़)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष एवं समाजवादी पार्टी के नेता मोहम्मद जासमीर अंसारी गुरुवार को बुनकर नगरी मुबारकपुर पहुंचे। यहां मोहल्ला कटरा में सपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ मुबारकपुर विधायक अखिलेश यादव, जियाउल्लाह अंसारी, शमसुद्दीन प्रधान, हाजी अब्दुल मजीद अंसारी, जमीर अहमद, हाजी महमूद अख्तर नोमानी, वीरेंद्र यादव महाप्रधान सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिले के कई स्थानों पर भी सपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। स्वागत के बाद लोगों को संबोधित करते हुए जासमीर अंसारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ही भाजपा को चुनाव में हरा सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से एकजुट रहने तथा पार्टी को मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने इशारों-इशारों में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के समय वोटों का बंटवारा भाजपा को मजबूत करने का काम करता है। यदि उनका उद्देश्य भाजपा को हराना है तो बिना शर्त समाजवादी पार्टी को मजबूत करने में सहयोग करना चाहिए। बुनकरों की समस्याओं पर बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उन्होंने सदन में कई बार बुनकरों की समस्याओं को उठाया है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बुनकरों का पूरा बकाया माफ किया जाएगा। साथ ही बुनकरों के घरेलू बिजली कनेक्शन पर मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि बुनकर समाज की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी लगातार आवाज उठाती रही है और आगे भी उनके हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
