मुबारकपुर (आजमगढ़) कांग्रेस नगर अध्यक्ष रज़ाउर्रहमान ने आज मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर पहुंचकर मतदाता सूची का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर मौजूद लोगों से बातचीत की और जिन पात्र लोगों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है, उन्हें अपना नाम जुड़वाने के लिए जागरूक किया। रहमान ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान करना हर नागरिक का अधिकार है। इसलिए कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि जिनकी उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और अभी तक उनका वोटर कार्ड नहीं बना है, वे लगने वाले विशेष शिविर में पहुंचकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराएं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपने परिवार, आस-पड़ोस और गांव-मोहल्ले के ऐसे लोगों को भी शिविर की जानकारी दें, जिनका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है। सभी लोग इस अभियान में सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
