मुबारकपुर (आजमगढ़)। मुबारकपुर पीजी कॉलेज की छात्रा अना फिरदौस पुत्री मोइनुद्दीन ने मास्टर डिग्री में कॉलेज स्तर पर टॉप करने के साथ ही महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में दूसरा स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर मुबारकपुर पीजी कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान छात्रा को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के संस्थापक डॉ. शमीम अहमद और प्रोफेसर डॉ. ताहिर ने अना फिरदौस को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उसकी कामयाबी पर खुशी जाहिर करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में हाजी हशमतुल्लाह, डॉ. गुफरान अहमद, सुलेमान अंसारी, सभासद शाहिद कलीम, अनवर उल हक, अली रेहान तुराबी, फातिमा जहरा, नसरीन ज़हरा सहित अन्य लोगों ने छात्रा अना फिरदौस को मुबारकबाद पेश की। इसके अलावा कॉलेज की छात्राओं ने भी अना फिरदौस को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।इस मौके पर अना फिरदौस के पिता मोइनुद्दीन ने कहा कि बेटी की इस उपलब्धि से उन्हें बेहद खुशी और गर्व है। उन्होंने कहा कि यह सफलता उसकी मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण का नतीजा है।
