मुबारकपुर (आजमगढ़) सेंट्रल पब्लिक स्कूल, मुबारकपुर के प्रांगण में 15 नवंबर को रोमांचक एडवेंचर कैंप (साहसिक शिविर) का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में साहस, आत्मविश्वास, टीम वर्क और शारीरिक क्षमता का विकास करना था। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और विभिन्न साहसिक गतिविधियों का आनंद उठाया। शिविर के दौरान बच्चों के लिए विशेष रूप से 23 प्रकार की रोमांचक खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें डबल रोप ब्रिज, लेजर बीम, बर्मा ब्रिज, जिप लाइन, कमांडो नेट, स्पाइडर वेब, जार्बिंग, बॉडी जार्ब, हॉर्स राइडिंग, बॉल कलेक्शन, लोडरक्लाइंबिंग, कमांडो क्रॉल, टग ऑफ वार, टार्जन स्विंग, ट्रैम्पोलिन, सॉफ्ट आर्चरी, डार्ट बोर्ड, वॉल क्लाइंबिंग, हुला पास, इन्फिनिटी बॉल और हिप्पी हॉप जैसी गतिविधियां शामिल रहीं। इन गतिविधियों से बच्चों में छिपी ऊर्जा और प्रतिभा को नई दिशा मिली। संस्था के संस्थापक अयाज अहमद खान साहब ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल और गतिविधियां बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। इस तरह के कैंप बच्चों को साहसी और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयां देते हैं। विद्यालय भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक और साहसिक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
