आजमगढ़ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। आजमगढ़, जौनपुर और गाजीपुर में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने गैंग के सरगना समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस मुठभेड़ के दौरान गैंग लीडर सुनील कुमार घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर करीब 20 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक गैंग का सरगना सुनील कुमार काफी शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 50 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में सुनील कुमार, राहुल कुमार और नितेश शामिल हैं। वहीं गिरोह का एक अन्य आरोपी अभिषेक सिंह अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। इसके अलावा बरामद सामान में चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई डस्टर कार, चार मोटरसाइकिल, पेंट के 42 डिब्बे, मोबिल ऑयल के 84 डिब्बे, मोटरसाइकिल के 15 टायर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान शामिल हैं। दरअसल, थाना तरवां क्षेत्र में पिछले दिनों हार्डवेयर की दुकान, टीवीएस एजेंसी और टायर की दुकान में चोरी की घटनाएं हुई थीं। इन घटनाओं के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में पुलिस की टीमें लगातार जांच में जुटी थीं। इसी दौरान 18 नवंबर को पुलिस ने चेकिंग के दौरान सफेद रंग की डस्टर कार से राहुल कुमार और नितेश को गिरफ्तार किया। कार की तलाशी और अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी का भारी मात्रा में सामान बरामद हुआ। पूछताछ में गैंग के सरगना सुनील कुमार का नाम सामने आया। इसके बाद 19 नवंबर की सुबह तरवां पुलिस ने दर्रोपुर मोड़ के पास चेकिंग के दौरान सुनील कुमार को घेर लिया। पुलिस के अनुसार, सुनील ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक देशी तमंचा, कारतूस, 53 हजार रुपये नकद और चोरी की अपाची मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक गैंग का सरगना सुनील कुमार काफी शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 50 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में सुनील कुमार, राहुल कुमार और नितेश शामिल हैं। वहीं गिरोह का एक अन्य आरोपी अभिषेक सिंह अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। फिलहाल पुलिस तीनों अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।आजमगढ़, जौनपुर और गाजीपुर में चोरी की घटनाओं का यह खुलासा पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।
