मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। बहुजन समाज पार्टी के तत्वावधान में गुरुवार को मुहम्मदाबाद गोहना स्थित अंबेडकर स्थल, पूर्वी रेलवे फाटक पर मंडल स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य विषय सामाजिक भाईचारा एवं पिछड़ा वर्ग रहा। इसमें पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुख्य अतिथि बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भीमराज भर ने कहा कि सामाजिक भाईचारे को मजबूत करना समय की जरूरत है। समाज के सभी वर्गों को जोड़कर संगठन को मजबूत किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।मुहम्मदाबाद गोहना के बसपा प्रत्याशी जे के आजाद ने कहा कि सामाजिक भाईचारे और आपसी एकजुटता के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछड़े और वंचित वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और लोगों के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने की अपील की। विशिष्ट अतिथि गौरी शंकर आचार्य, जिला संयोजक पिछड़ा वर्ग भाईचारा आजमगढ़ मंडल, ने भी अपने विचार रखे। इसके अलावा अमरनाथ चौहान, प्रवीन पाल, लालचन्द्र प्रधान और जय भीम कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने बैठक को संबोधित किया। बैठक में सामाजिक भाईचारा, पिछड़ा वर्ग की भागीदारी और संगठन को मजबूत करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
