फूलपुर आजमगढ़ फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सुदनीपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक किनारे शनिवार को एक बुजुर्ग महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। रेलवे पटरियों की निगरानी के दौरान खुरासन रोड रेलवे स्टेशन के की-मैन आलोक वर्मा ने पोल संख्या 79/16 के पास महिला का शव देखा और इसकी सूचना कोतवाली फूलपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव के पास मिले आधार कार्ड के आधार पर महिला की पहचान कलावती 59 वर्ष पत्नी मुन्नीलाल,निवासी झकहा गांव,थाना फूलपुर के रूप में की।पुलिस ने ग्राम प्रधान के माध्यम से परिजनों को घटना की जानकारी दी।सूचना मिलने पर पति मुन्नीलाल मौके पर पहुंचे।परिजनों के अनुसार शनिवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।इसके बाद कलावती अपनी बेटी से घर से घीयहा गांव में शिव चर्चा में शामिल होने की बात कहकर निकली थी।दोपहर करीब दो बजे रेलवे ट्रैक किनारे उनका शव मिलने की सूचना परिवार को मिली।महिला की मौत कैसे हुई,इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। उपनिरीक्षक दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान दिखाई नहीं दिए है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका के दो बेटे और तीन बेटियां हैं।दोनों बेटे पंजाब में रहते है घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
