मुबारकपुर आज़मगढ़ मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चिंवटहीं में शनिवार की सुबह ट्यूबवेल के पानी के हौज में एक मजदूर का शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चिंवटहीं गांव निवासी मोहम्मद तौहीर (25) पुत्र रमजान शनिवार की सुबह करीब छह बजे अपने घर से निकला था। घर से कुछ दूरी पर गांव के बाहर स्थित ट्यूबवेल के पानी के हौज में वह संदिग्ध परिस्थितियों में गिर गया। सुबह करीब नौ बजे पशुओं के लिए चारा काटने गई कुछ महिलाओं की नजर हौज में पड़े शव पर पड़ी। महिलाओं ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी, जिसके बाद घटना की सूचना मुबारकपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर उसकी पहचान कराई। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। मृतक एक पुत्री का पिता बताया जा रहा हैं । घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक शशि चंद चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त कराई और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का स्पष्ट पता चल सकेगा।
