अतरौलिया आजमगढ़ साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं के बीच पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन में चल रहे साइबर जागरूकता अभियान के क्रम में बुधवार को पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज में विशेष जन जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 800 से 900 छात्र-छात्राएं, अध्यापकगण, कर्मचारी और क्षेत्र के आम नागरिक भी उपस्थित रहे। थाना अतरौलिया की साइबर टीम ने छात्र-छात्राओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के महत्वपूर्ण गुर सिखाए। सत्र के दौरान ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, मजबूत पासवर्ड निर्माण, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, फिशिंग–स्मिशिंग जैसे साइबर हमलों की पहचान, डेटा गोपनीयता तथा डिजिटल फुटप्रिंट जैसे अहम विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। टीम ने साइबर अपराधों के वास्तविक उदाहरण प्रस्तुत कर बताया कि किस प्रकार छोटी सी लापरवाही लोगों को बड़े आर्थिक व मानसिक नुकसान में डाल सकती है। जागरूकता सत्र के अंत में प्रश्न-उत्तर कार्यक्रम हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने एटीएम फ्रॉड, अनजान लिंक, ऑनलाइन गेमिंग और इंस्टाग्राम/व्हाट्सएप सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे। कॉलेज के अध्यापकों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम आज की सबसे बड़ी आवश्यकता हैं। संस्था की ओर से भविष्य में भी नियमित रूप से साइबर सुरक्षा सत्र आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व साइबर प्रभारी उप निरीक्षक अभिषेक यादव ने किया। उनके साथ साइबर सदस्य कौशिक वर्मा, महिला आरक्षी अभिलाषा, हिमानी तथा आरक्षी मुकेश यादव, उपस्थित रहे।
