माहुल,आजमगढ़! अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल कस्बे में गुरुवार को बाइक सटने को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए और सड़क पर वाहनों का जाम लग गया। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी माहुल यश सिंह पटेल और सबइंस्पेक्टर श्याम कुमार दुबे पुलिस बल के साथ वहां पहुंच कर दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत कराया। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन लोगों को हिरासत में लिया है। नगर पंचायत माहुल के शुक्रबाजार निवासी शाहबान अहमद अपनी बाइक से बाजार के अहरौला रोड पर किसी काम से जा रहा था।जैसे ही वह शंकर तिराहे पर पहुंचा क्षेत्र के चंदू खानपुर निवासी उत्तम यादव क्षेत्र के समसल्लीपुर निवासी अपने साथी अभिषेक यादव व विशाल यादव के साथ फुलवरिया की तरफ जा रहा था और दोनों की बाइक बगल से सट गई और दोनों में तकरार शुरू हो गई। जैसे ही साहबान कुछ दूर पहुंचा उत्तम के अन्य साथी आ गए और उसे मारने पीटने लगे जैसे ही इसकी सूचना शाहबान पक्ष के लोगों को हुई उसके पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए और दोनों पक्षों में मार पीट शुरू हो गई और अहरौला रोड पर वाहनों का जाम लग गया।सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी माहुल यश सिंह पटेल और सब इंस्पेक्टर श्याम कुमार दुबे चौकी की पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए और आपस में गुत्थमगुत्था दोनो पक्षों को समझा बुझा कर शांत कराया और सड़क पर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने इस मामले में एक पक्ष के साहबान और दूसरे पक्ष के उत्तम और अभिषेक यादव को मौके से हिरासत में लेकर थाने ले गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष राम किशोर शर्मा का कहना है विवाद की सूचना पर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।विधि सम्मत कार्यवाही पुलिस कर रही है।
