मुबारकपुर, आज़मगढ़। स्थानीय कस्बे के मोहल्ला पुरानी बस्ती, समौधी रोड स्थित मदरसा यतीमखाना इस्लामिया अशरफिया में गुरुवार को जश्न गौसुलवारा बड़े ही अकीदत व एहतराम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मदरसा परिसर से परंपरागत मार्गों से होते हुए भव्य जुलूस-ए-गौसिया डॉ. जावेद कमर के नेतृत्व में निकाला गया, जो पुरानी बस्ती स्थित जामा मस्जिद हाँस बाबा के समीप पहुंचा। वहां सलाम व दुआ के बाद जुलूस का समापन हुआ। डॉ. जावेद कमर ने कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम हमें बुजुर्गाने दीन की शिक्षाओं और उनके बताए नेक रास्ते पर चलने की प्रेरणा देते हैं। हमें आपसी भाईचारे, मोहब्बत और शांति का संदेश आम करना चाहिए। जुलूस में क्षेत्र की विभिन्न अंजुमनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इनमें अंजुमन फैज-ए-आम, अंजुमन बाग-ए-रसूल, अंजुमन अज़ीज़िया, अंजुमन इज़हार-ए-हुसैनी, अंजुमन नवाए-ए-हक, अंजुमन बाग-ए-एरम, अंजुमन अज़ूजुलइस्लाम, अंजुमन मज़हरे हक, अंजुमन गुलशन रज़ा तथा अंजुमन तंजीमिया सहित अन्य अंजुमनों ने नातख्वानी व मनकबतख्वानी पेश कर प्रसिद्ध सूफी हजरत शेख अब्दुल कादिर जिलानी रहमतुल्लाह अलैह को खिराज-ए-अकीदत पेश किया। कार्यक्रम का संचालन रईस नेयाजी ने किया। कार्यक्रम में मास्टर तनवीर अहमद, मौलाना शरीफ अहमद, हाजी अम्मार अदीबी, हाजी महमूद अख्तर नोमानी, अब्दुल्लाह, अलाउद्दीन, अज़हरुद्दीन, हाफिज अब्दुल कादिर, हाजी सलेमान, मोहम्मद जाबिर, शफीक अहमद, अखिलेश यादव विधायक सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
