
(सगड़ी) आजमगढ़ । जीयनपुर कोतवाली के जामेतुल बनात नगर (कोइरिया) के पोखरे में डूबने से राजू प्रजापति नामक युवक की मौत हो गई। डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को पोखरे से निकल गया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर अन्य परीक्षण के लिए भेज दिया। बता दें कि जीयनपुर कस्बे के बाजार खास का निवासी राजू प्रजापति पुत्र राजेश कुमार प्रजापति (32) मंगलवार की दोपहर में कोइरिया के पोखरे पर टहलने गया था। धूप होने के चलते वह पेड़ की छांव में पोखरे के किनारे बैठ गया। इस बीच डेढ़ बजे दिन के लगभग उसका पैर फिसल गया, और वह पोखरी में डूबने लगा। बगल में काम कर रहे मजदूरों ने शोर मचाया तो आस-पड़ोस के लोग काफी संख्या में जुट गए। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक बीके सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। थोड़ी देर बाद कुछ युवक पोखरे में शव की तलाश करने लगे। लगभग एक से डेढ़ घंटे की तलाश के बाद डूबे युवक का शव बाहर निकला गया। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक राजू प्रजापति दो भाइयों में बड़ा था। उसके पास दो लड़के राज और शुभम है। पिता राजेश प्रजापति पत्नी सुनीता देवी और उसकी मां एवम् परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है।