माहुल(आजमगढ़)! पवई थाना क्षेत्र के चकिया गांव निवासी और ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला संरक्षक पत्रकार रघुवंश मणि त्रिपाठी की गुरुवार भोर में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जैसे ही हादसे की सूचना क्षेत्रवासियों को मिली शोक की लहर फैल गई। हादसा आजमगढ़ से लखनऊ जाने वाले मार्ग पर पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के बल्दी सराय गांव के पास 89वें किलोमीटर के पास सुबह करीब चार बजे हुआ। बताया जा रहा है कि किसी बड़े वाहन ने उनकी कार में पीछे से टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, रघुवंश मणि त्रिपाठी की पुत्री ने बच्चे को जन्म दिया था। उनकी पुत्री लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद वह उससे मिलने के लिए गुरुवार तड़के करीब दो बजे घर से अकेले कार लेकर लखनऊ के लिए निकले थे। करीब 100 किलोमीटर तक कार चलाने के बाद उन्हें झपकी आने लगी। ऐसे में उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बाईं ओर किनारे कार रोक दी और आराम करने लगे। इसी दौरान पीछे से आए किसी बड़े वाहन ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रघुवंश मणि त्रिपाठी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अयोध्या स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया। रघुवंश मणि त्रिपाठी के एक पुत्र और दो पुत्रियां है वे श्री उमाकांत शिक्षण संस्थान और महाविद्यालय चकिया के प्रबंधक थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त हो गई।
