फरिहा आजमगढ़ । निजामाबाद थाना क्षेत्र के चंदाभारी गांव के सिवान में आज शुक्रवार को सुबह दस बजे नदी किनारे जंगल में ईंट-भट्ठे के पास एक पेड़ से लटकता हुआ अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शव काफी पुराना होने के कारण सड़ चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे चंदाभारी गांव के सिवान में नदी किनारे जंगल की ओर स्थित ईंट-भट्ठे के पास एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटकता दिखाई दिया। इसकी सूचना ग्राम प्रधान ने निजामाबाद थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया। मृतक ने हाफ पैंट और टी-शर्ट पहन रखी थी। शव काफी सड़ जाने के कारण तत्काल उसकी पहचान नहीं हो सकी। थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार की सुबह चंदाभारी गांव के ग्राम प्रधान की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
