गले पर कटे के निशान मिलने से बढ़ा रहस्य,पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
अम्बारी आजमगढ़ फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खानजहापुर गांव में शुक्रवार को सुबह 17 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई।शव गांव के मंगरू का पुरा बिचली बस्ती में वशिष्ठ के घर के पीछे मिला। किशोरी के गले पर कटे के निशान पाए जाने की बात सामने आई है।घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।परिजनों ने प्रेम-प्रसंग को लेकर किशोरी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। खानजहापुर गांव निवासी विनोद की 17 वर्षीय पुत्री खुशी कक्षा 11 की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार करीब एक माह से फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सदरपुर बरौली गांव स्थित अपने ननिहाल में रह रही थी।किसी का फोन आने पर गुरुवार को शाम करीब 5:30 बजे वह ननिहाल से निकली थी,लेकिन इसके बाद वापस नहीं पहुंची।काफी देर तक घर नहीं लौटने पर ननिहाल और परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। रातभर आस पास के क्षेत्रों में खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चला।शुक्रवार को सुबह मंगरू का पुरा बिचली बस्ती में वशिष्ठ के घर के पीछे किशोरी का शव मिलने की जानकारी ग्रामीणों से हुई। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव को घर ले आए।बाद में पुलिस को सूचना दी गई।फूलपुर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।फूलपुर के अपराध निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।पुलिस मामले की जांच करते हुए विधिक कार्रवाई कर रही है।खुशी दो छोटे भाइयों में सबसे बड़ी थी। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
