लालगंज (आजमगढ़ )लालगंज रेल पथ निर्माण संघर्ष समिति के संयोजक राजेश शुक्ला के निवेदन पर केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल की बहुचर्चित वाराणसी-लालगंज-आजमगढ़-गोरखपुर नई रेल लाइन परियोजना को शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। 31 जुलाई 2026 को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की जनता की लंबे समय से लंबित मांग है। वर्ष 2016-17 में रेलवे ने इसका इंजीनियरिंग सर्वे और 2022 में फाइनल लोकेशन सर्वे व DPR तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन अब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है।मंत्री ने कहा कि यह रेल लाइन लाखों किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। लालगंज तहसील मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्र को वाराणसी, आजमगढ़ और गोरखपुर से सीधा रेल संपर्क मिलेगा, जिससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने रेल मंत्री से अनुरोध किया कि जनहित और क्षेत्रीय विकास को देखते हुए पूर्व में हुए सर्वेक्षणों के आधार पर इस परियोजना को प्राथमिकता देकर निर्माण कार्य शुरू करने के लिए शीघ्र प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जाए। उल्लेखनीय है कि “लालगंज रेल पथ निर्माण संघर्ष समिति” के बैनर तले स्थानीय लोग भी इस रेल लाइन को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत हैं।
