आजमगढ़ 26अक्टूबर भाजपा नेता ओंकार पाण्डेय ने पटना में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूज्य पिता जी के संबंध में की गई अभद्र टिप्पणी की कड़ी निंदा की। ओंकार पाण्डेय ने कहा कि सत्ता से दूर होने के कारण कांग्रेस के नेता बौखलाहट में लगातार भाषा की मर्यादा खोते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के स्वर्गीय पिता के प्रति इस प्रकार की ओछी टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है इसकी जितनी निंदा की जाय कम है। श्री पाण्डेय नें आगे कहा कि देश की जनता राजनीतिक दलों के नेताओं के बयानों और उनके आचरण पर हमेशा नजर रखती है इसीलिये कांग्रेस को लगातार जनता के विरोध का सामना करना पड़ रहा है, जबकि भाजपा को लगातार जनता का समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है। ओंकार पाण्डेय ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और आपसी सम्मान बनाये रखना सभी नेताओं की जिम्मेदारी है। देश के प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति की गयी टिप्पणी पर कांग्रेस को सार्वजनिक रूप से माफी मांगना चाहिये। उन्होंने विश्वास जताया कि समय आने पर देश की जनता अपने मताधिकार के माध्यम से कांग्रेस को करारा जवाब देगी।
