मुबारकपुर (आजमगढ़)। शिब्ली नेशनल नर्सरी स्कूल अमिलो मुबारकपुर से शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्र एवं छात्राओं में नीट (NEET) के 5, चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) के 7, आईआईटी (IIT) के 1 तथा गेट (GATE) के 1 सफल छात्र-छात्रा को विद्यालय में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की उपलब्धियों का सम्मान करना तथा अन्य छात्रों को उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करना था। समारोह के मुख्य अतिथि शिब्ली नेशनल कॉलेज के मैनेजर अबू साद शम्सी, इब्न सीना तिब्बिया कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मोहम्मद अजमल शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज मैनेजर, शिब्ली नेशनल नर्सरी स्कूल के मैनेजर, शिब्ली नेशनल कॉलेज के वाइस प्रेसिडेंट, प्रेसिडेंट डॉ. शौकत अली, आजमगढ़ मुस्लिम एजुकेशन सोसाइटी के सचिव अतहर राशिद खान तथा जॉइंट सेक्रेटरी जफर इकबाल रहे।
इब्न सीना तिब्बिया कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मोहम्मद अजमल ने कहा कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं बल्कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से मिलती है। आज सम्मानित होने वाले छात्र-छात्राएं विद्यालय और पूरे क्षेत्र का गौरव हैं। उनकी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। अन्य वक्ताओं ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है तथा ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा करते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रिंसिपल फातमा ज़हरा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए सफल छात्र-छात्राओं को मुबारकबाद दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
