शहनाज मेमोरियल चिकित्सालय में प्रसूता की मौत का मामला,
माहुल(आजमगढ़)। अहरौला थाना क्षेत्र के रसूलपुर अहमद अली गांव में आपरेशन के बाद शुक्रवार को हुई प्रसूता की मौत मामले में प्रशासन ने कार्यवाही करना शुरू कर दिया है।मुख्यचिकित्साधिकारी के आदेश पर डिप्टी सीएमओ डॉ आलेंद्र कुमार के साथ आई स्वास्थ विभाग की टीम ने अस्पताल को जहां सील कर दिया वही पुलिस ने मृतका के पति की तहरीर पर शहनाज मेमोरियल चिकित्सालय के मालिक डॉ अकबर खान और उनकी पत्नी निकहत खान पर अभियोग दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दिया है। पवई थाना क्षेत्र के नाटी गांव निवासी ओमकार मौर्य ने अपनी पत्नी करिश्मा को 15 जुलाई को रसूलपुर अहमद अली गांव के शहनाज मेमोरियल चिकित्सालय में भर्ती कराया कहा पर एक दिन बाद 16 जुलाई की सुबह उनकी पत्नी का ऑपरेशन हुआ और बच्ची पैदा हुई। अपरेशन के कुछ ही देर बाद प्रसूता की हालत बिगड़नी शुरू हुई तो अकबर खान द्वारा जौनपुर के शाहगंज स्थित एक निजी चिकित्सालय से खून लाया गया।रात भर खून चढ़ाने के बाद भी प्रसूता की स्थित और खराब हो गई और शुक्रवार को उसे वहां से रेफर कर दिया गया। स्वजन उसे फूलपुर के ताहिर मेमोरियल हॉस्पिटल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। मौत के बाद स्वजन शव को शहनाज मेमोरियल चिकित्सालय के गेट पर रख कर अस्पताल पर कार्यवाही की मांग करने लगे। हंगामा बढ़ता देख अहरौला थानाध्यक्ष मंतोष सिंह ने कई थाने की पुलिस फोर्स को बुला लिया।रात नौ बजे के बाद आजमगढ़ के डिप्टी सीएमओ डॉ आलेंद्र कुमार ने अस्पताल को सील कर दिया और स्वजनों को चिकित्सक पर कड़ी कार्यवाही का आश्वासन दिया। पुलिस ने प्रसूता के पति ओमकार मौर्य की तहरीर पर डा अकबर खान और उनकी पत्नी निकहत खान पर सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज करने के बाद रात लगभग डेढ़ बजे काफी मशक्कत के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद पुलिस ने आरोपित चिकित्सक और उनकी पत्नी की तलाश में उनके माहुल के पठान मोहल्ला स्थित आवास पर रात में कई बार छापेमारी किया पर ये दोनों पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए। थानाध्यक्ष अहरौला मंतोष सिंह का कहना है कि ओंकार मौर्य की तहरीर पर अस्पताल के संचालक डॉ अकबर खान और उनकी पत्नी के ऊपर अभियोग दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में लगी है जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
———————————
माहुल में अवैध 14 निजी अस्पताल और 29 अवैध पैथालॉजी सेंटर
माहुल(आजमगढ़)। नगर पंचायत माहुल में 41 निजी चिकित्सालय है जिसमें 14 अस्पतालों में मरीज को भर्ती कर के आपरेशन तक किया जाता है। इसके साथ ही साथ 29 अवैध पैथालॉजी भी संचालित हो रही। कही किसी अस्पताल में कोई दुर्घटना होती है तो स्वास्थ विभाग की टीम आती है और एक दो अस्पतालों को नोटिस देती है एक दो दिन बंद होने के बाद फिर ये अस्पताल और पैथालॉजी फिर से संचालित होने लगता है।
———————————
सुभासपा युवा मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष ने किया था शिकायत,
माहुल(आजमगढ़)। माहुल में धड़ल्ले से चल रहे अवैध अस्पतालों और पैथालॉजी सेंटर के खिलाफ सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी युवा मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक उपाध्याय ने 26 जून को उत्तरप्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक से इन अस्पतालों में दुघटना की आशंका व्यक्त करते हुए शिकायती पत्र दिया था।उन्होंने बताया कि आए दिन इन फर्जी अस्पतालों में हो रही घटनाओं को देखते हुए हमने जो शिकायत किया था उसपर स्वास्थ विभाग ने बिना जांच किए ही फर्जी रिपोर्ट लगा कर भेज दिया और यह घटना हो गई। उन्होंने प्रसूता की मौत का जिम्मेदार आजमगढ़ के स्वास्थ विभाग के अधिकारियों को बताया।।
