सगड़ी: आजमगढ़ नवागत उप जिलाधिकारी सागरी ने बताया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब से गरीब व्यक्ति तक पहुंचाना, जन शिकायतों का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना और घाघरा (सरजू) नदी की बाढ़ से जनजीवन को सुरक्षित रखना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। जनता को सुगमता और पारदर्शिता से न्याय मिल सके, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। यह बातें सगड़ी तहसील के नवागत उपजिलाधिकारी संजीव कुमार राय ने शनिवार को पत्रकारों से औपचारिक वार्ता के दौरान कहीं। नवागत एसडीएम ने तहसील की भौगोलिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि सगड़ी एक बड़ी और संवेदनशील तहसील है। इसका उत्तरी हिस्सा प्रतिवर्ष सरजू नदी की बाढ़ से गंभीर रूप से प्रभावित होता है। उन्होंने स्पष्ट किया, “मेरी पहली और सबसे बड़ी प्राथमिकता बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित करना है।” इसके लिए क्षेत्र की सभी बाढ़ चौकियों को तत्काल प्रभाव से एक्टिव मोड पर लाया जाएगा। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कर्मचारियों की 24 घंटे क्रमवार (शिफ्ट के अनुसार) तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना की जानकारी प्रशासन को तुरंत मिल सके। और समय रहते राहत कार्य शुरू किया जा सके। वही भूमि विवादों और पैमाइश से जुड़े मामलों पर बोलते हुए एसडीएम संजीव कुमार राय ने कहा कि धारा 24 के लंबित मुद्दों का निपटारा करने के लिए एक विशेष कार्य योजना तैयार की जाएगी। न्यायालय में चल रहे मुकदमों का समय सीमा के भीतर निस्तारण किया जाएगा ताकि फरियादियों को न्याय के लिए भटकना न पड़े। साथ ही नवागत उपजिलाधिकारी ने विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं को लेकर अपना विजन साफ किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी कल्याणकारी योजनाओं को योजनाबद्ध तरीके से जन-जन तक सुगमता से पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। भ्रष्टाचार और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और तहसील प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ जनता की समस्याओं को सुनेगा व उनका निस्तारण करेगा।
