महराजगंज आजमगढ़ महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र में दो दिन से लापता एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। परिवार जिस सदस्य की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठा था, मंगलवार सुबह उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक की पहचान जयप्रकाश यादव (42 वर्ष) पुत्र गुलाब, निवासी ग्राम नौबरार देवारा जदीद किता दोयम, कोतवाली महाराजगंज, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार जयप्रकाश यादव 12 जुलाई को घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय देवारांचल पुलिस चौकी में उनकी गुमशुदगी की सूचना दी। परिवार और ग्रामीण लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए थे। मंगलवार सुबह करीब 7:40 बजे महुला-गढ़वल बांध के किनारे नौबरार देवारा जदीद किता प्रथम स्थित औघड़गंज बाजार से सौ मीटर पूर्व एक शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची महाराजगंज पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। पहचान होने पर पता चला कि शव लापता जयप्रकाश यादव का है। यह खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जाता है कि जयप्रकाश यादव चार भाइयों में सबसे बड़े थे। वह घर पर रहकर खेती-किसानी के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाप्रभारी का कहना है कि मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
