पवई आजमगढ़ क्षेत्र के रामपुर कला (बासूपुर) गांव में नवनिर्मित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में शिवलिंग स्थापना एवं वेदी पूजन के साथ सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ बुधवार को हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भव्य कलश यात्रा निकालकर धार्मिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिवलिंग स्थापना एवं वेदी पूजन से हुई। इसके बाद गांव में कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने भाग लिया। श्रद्धालु भक्ति गीतों एवं जयकारों के साथ पूरे उत्साह से शामिल हुए। आयोजकों ने बताया कि 10 जून से 16 जून तक कथावाचक श्री कृष्णानंद जी महाराज के श्रीमुख से प्रतिदिन श्री शिव महापुराण कथा का रसपान कराया जाएगा। कथा के माध्यम से भगवान शिव की महिमा, भक्ति एवं धर्म के महत्व का वर्णन किया जाएगा। इसके उपरांत यज्ञाचार्य श्री दयानन्द जी महाराज द्वारा 17 जून को मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा, हवन एवं पूर्णाहुति का आयोजन किया जाएगा । वहीं 18 जून को विशाल भंडारा एवं महाप्रसाद वितरण किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा एवं धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
