क्षेत्र में चोरी की घटनाएं नहीं ले रही हैं थमने का नाम
माहुल(आजमगढ़)। अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल पुलिस चौकी अंतर्गत माहुल-पवई राजमार्ग हो या राजापुर माफी गाँव, चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि चक मकसूदजहाँ स्थित एक गुमटी में एक महीने के भीतर दो बार चोरी हो चुकी है। बता दें कि रविवार को माहुल-पवई राजमार्ग के किनारे स्थित गुमटी में चोरी हुई। गुमटी मालिक के अनुसार, चोरों ने खिड़की तोड़कर बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, टॉफी, बिस्किट और तीन हजार रुपये नकद चुरा लिए। इससे पहले 19 मई को भी इसी गुमटी को निशाना बनाकर सामान और नकदी चोरी किया गया था। गुमटी से महज आधा किमी की दूरी पर 4 जून की रात शशि सोनी के नए मकान में चोर दीवार फांदकर घुसे और बिजली का मोटर, नया सीलिंग फैन, फूल की थाली, इंडक्शन समेत हार्डवेयर का सामान उठा ले गए। वहीं पास के ही एक जनरल स्टोर से कोल्ड ड्रिंक, गुटखा, सिगरेट, नमकीन, बिस्किट और नकदी पर भी चोरों ने हाथ साफ कर दिया। इस दौरान लगातार हो रही चोरियों से क्षेत्र में भय का माहौल है। पीड़ितों का आरोप है कि माहुल पुलिस चौकी पर तहरीर देने के बावजूद अब तक चोरों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस संबंध में माहुल पुलिस चौकी प्रभारी यस सिंह पटेल ने बताया कि तहरीर मिली है। पुलिस रात में गश्त भी करती है। चोरी का पता लगाया जा रहा है। जल्दी ही इन घटनाओं का खुलासा हो जाएगा। लगातार हो रही वारदातों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।।
