महराजगंज आजमगढ़ बुधवार को पूर्वांचल के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट बदल ली | महराजगंज क्षेत्र सहित पूर्वांचल के कई जिलों में दोपहर बाद तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली | धूल भारी तेज हवाओं के चलते जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई, वहीं वातावरण भी ठंडा और सुहावना हो गया| आंधी के कारण महराजगंज ब्लाक क्षेत्र में कई जगहों पर पेड़ की डालियां टूटकर गिर गईं और बिजली आपूर्ति भी कुछ समय के लिए बाधित रही | हालांकि बारिश शुरू होते ही लोग घरों से बाहर निकलकर ठंडी हवाओं का आनंद लेते नजर आए | मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते इस तरह के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है| आने वाले कुछ दिनों तक हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है| किसानों के लिए भी यह बारिश फायदेमंद मानी जा रही है, क्योंकि इससे खेतों में नमी बढ़ेगी और फसल की बुआयी के लिए किसान को लाभ मिलेगा |वहीं, अचानक बदले मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन आंधी के कारण हुई छोटी-मोटी परेशानियां भी सामने आई हैं|
