माहुल(आजमगढ़)। नगर पंचायत माहुल के विभिन्न वार्डो में चल रही अवैध प्लाटिंग रुकने का नाम नहीं ले रही।उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार के आदेश के बाद भी उच्च प्राथमिक विद्यालय और नाले पर से अवैध कब्जा नहीं हट रहा और राजस्व टीम भूमाफियाओं के आगे नतमस्तक दिख रही। तीन वर्षों से लगातार माहुल नगर के विभिन्न वार्डो में सरकारी नाला नाली स्कूल आदि जमीनों पर प्लाटरों द्वारा कब्जा कर बेचे जाने की शिकायत भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही साथ स्थानीय नागरिक भी जिम्मेदार अधिकारियों से करते चले आ रहे।नागरिकों की शिकायत को सही पाए जाने पर तहसीलदार न्यायालय फूलपुर द्वारा जारी बेदखली के आदेश के अनुपालन में राजस्व टीम 19 मार्च को माहुल नगर के उच्च प्राथमिक विद्यालय की भूमि पर वेकहो लोडर लेकर पहुंची। कब्जा हटवाना शुरू ही किया था कि भूमाफियाओ द्वारा उसे रोक दिया गया और राजस्व टीम को बंधक बनाने के साथ ही साथ अभद्रता भी की गई। किसी तरह से बचते हुए राजस्व टीम बिना कब्जा हटवाए ही वापस चली गई। घटना के बाद लेखपाल सौरभ राय ने माहुल के राजकुमार गुप्ता और उसके भाई संदीप के खिलाफ अभियोग दर्ज कराया। राजस्व टीम से अभद्रता के बाद राजस्व विभाग के आला अधिकारियों के कान खड़े हो गए और उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार ने नायब तहसीलदार की अगुआई में विद्यालय से अवैध कब्जा हटवाने के लिए राजस्व टीम का गठन किया गया और दो अप्रैल को इसकी तिथि निर्धारित की गई। इसके लिए उपजिलाधिकारी कार्यालय से सुरक्षा के लिए पुलिस बल का मांग पत्र भी प्रेषित किया गया। तहसील प्रशासन द्वारा तय समय सीमा के बाद 22 दिन और बीत गए पर आज तक न तो उच्च प्राथमिक विद्यालय की भूमि से अवैध कब्जा ही हटा और न ही अवैध ढंग से जमीन की प्लाटिंग करने वाले भूमाफियाओं पर प्रशासन द्वारा कोई कार्यवाही ही हुई। नागरिकों की माने तो भूमाफियाओं के आगे प्रशासनिक अधिकारी नतमस्तक है इस संबंध में उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार का कहना है कि समयाभाव के कारण अवैध कब्जा हटवाने की प्रक्रिया नहीं हो पाई है। जल्दी ही अवैध कब्जा भी हटेगा और जिम्मेदारों पर कार्यवाही भी होगी।।
