अतरौलिया आजमगढ़ कैलाशी महिला विकास समिति द्वारा संचालित कैलाशी मानसिक दिव्यांग आवासीय विद्यालय, ध्यानीपुर (लोहरा) के छात्र-छात्राओं ने जनपद अंबेडकर नगर स्थित सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल बाबा गोविंद साहब का शैक्षिक भ्रमण किया। इस यात्रा के दौरान बच्चों के चेहरों पर अद्भुत प्रसन्नता और उत्साह देखने को मिला। विद्यालय से रवाना हुए बौद्धिक रूप से दिव्यांग बच्चों ने बाबा गोविंद साहब धाम पहुँचकर सबसे पहले पवित्रता के साथ हाथ-पैर धोए और मंदिर में दर्शन-पूजन किया। मंदिर के पुजारी ने सभी बच्चों को चंदन का तिलक लगाकर प्रसाद वितरित किया, जिससे बच्चों ने आत्मिक शांति और खुशी का अनुभव किया। दर्शन के उपरांत बच्चों ने मंदिर परिसर में लगी दुकानों से अपनी पसंद के खिलौने और खाद्य सामग्री की खरीदारी भी की। इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंधक सुनीता देवी ने कहा कि ऐसे भ्रमण से इन बच्चों के सामाजिक कौशल और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। कार्यक्रम के दौरान संचालक योगेंद्र, विजयमणि, प्रियंका, सुमित, दिवाकर, निलेश, वन्दना, लीलावती, विनीता, रेनू, अंशिका, संगीता आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
