अहरौला , आजमगढ़,क्षेत्र के जनता इंटर कॉलेज के मैदान में रविवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी द्वारा आयोजित समरसता रैली में अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। रैली में जुटी भारी भीड़ के कारण कानून-व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। हालात ऐसे बने कि भीड़ को नियंत्रित करने में प्रशासन व स्वयंसेवी व्यवस्थाएं असफल रहीं, जबकि पुलिस भीड़ से बचती नजर आई। अहरौला से अंबारी तक मार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रैली में रमेश दूबे की अगुवाई में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग शामिल हुए। इस दौरान पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने ब्राह्मण समाज के लोगों का पीला गमछा पहनाकर स्वागत किया। वहीं ब्राह्मण युवाओं द्वारा शंखनाद कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने से मंच और मैदान में उत्साह का माहौल बन गया। सभा को संबोधित करते हुए अरुण राजभर ने कहा कि मैदान में मौजूद भीड़ से कहीं अधिक लोग अहरौला–अंबारी मार्ग पर जाम में फंसे हुए हैं। उन्होंने सपा शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय अहरौला–कप्तानगंज 21 किलोमीटर मार्ग खंडहर में तब्दील हो गया था, जिसका अब पुनर्निर्माण कराया जाएगा। वहीं राजा अनंत राय ने अपने संबोधन में लोगों से संविधान को पढ़ने और समझने की अपील की। उन्होंने कहा कि होश के साथ जोश का इस्तेमाल जरूरी है, क्योंकि जब जनप्रतिनिधि मजबूत होंगे, तभी समाज और आने वाला कल मजबूत होगा। उन्होंने संविधान और सामाजिक जागरूकता पर जोर देते हुए महाराजा सुहेलदेव के योगदान को याद किया। अपने संबोधन में ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि आज ब्राह्मण युवाओं ने शंखनाद कर यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में मिलकर एक बार फिर एनडीए की सरकार बनाई जाएगी। उन्होंने सपा नेताओं पर आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए वे जमीन कब्जाने में लगे रहते हैं, चाहे जमीन किसी भी समाज की हो। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अहरौला–कप्तानगंज मार्ग के निर्माण का कार्य इसी माह के अंत तक शुरू हो जाएगा। कार्यक्रम के समापन के लगभग आधे घंटे बाद, करीब 4:45 बजे, भाजपा के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उल्लेखनीय रहा कि पूरे आयोजन के दौरान कई भाजपा नेताओं ने दूरी बनाए रखी। इस मौके पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यसभा सांसद नागेन्द्र राय (महाराजा अनंत राय), अभय द्विवेदी (शिवसेना प्रदेश अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश), राजेश सिंह दयाल (प्रदेश संयोजक, प्रवासी प्रकोष्ठ भाजपा), संदीप चौधरी (प्रदेश अध्यक्ष, शिवसेना), दीपक सिंह (प्रदेश मीडिया प्रभारी) सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व आमजन उपस्थित रहे। समरसता रैली में उमड़ी रिकॉर्ड भीड़ ने क्षेत्र की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है और आने वाले चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चाओं को तेज कर दिया है।
