अतरौलिया आजमगढ़ थाना क्षेत्र के गजेंधर पट्टी, भेदौरा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके की जांच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायका पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गजेंधर पट्टी, भेदौरा निवासी दिलीप प्रजापति की शादी 10 मई 2025 को अहरौला थाना क्षेत्र के धनेज पट्टी खजुरी गांव निवासी अंजली प्रजापति के साथ हुई थी। विवाह के बाद अंजली अपने पति के साथ ससुराल में रह रही थी। सोमवार रात उसकी तबीयत अचानक खराब होने की बात कही गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। आवश्यक साक्ष्य संकलन के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका की भाभी रंजना प्रजापति ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज की मांग की जा रही थी। दहेज की मांग पूरी न होने पर अंजली को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था तथा जान से मारने की धमकी दी जाती थी। आरोप यह भी लगाया गया है कि पति के किसी अन्य युवती से संबंध को लेकर भी अंजली को परेशान किया जाता था। मायका पक्ष का आरोप है कि उन्हें फोन के माध्यम से अंजली की मौत की सूचना दी गई। जब वे मौके पर पहुंचे तो शव को जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पति दिलीप, ससुर हरीलाल और सास पर हत्या में संलिप्त होने का आरोप लगाया गया है। थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
