अतरौलिया आजमगढ़ हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल व प्रतिरूपण का मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के उद्योग विद्यालय इंटर कॉलेज कोयलसा में सोमवार को अंग्रेजी विषय की परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी अपने सगे भाई के स्थान पर परीक्षा देते पकड़ा गया। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार 23 फरवरी 2026 को हाईस्कूल परिषद परीक्षा 2026 की अंग्रेजी विषय की परीक्षा चल रही थी। उपस्थिति पत्रक के मिलान के दौरान कक्ष निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने जांच की तो प्रवेश पत्र और उपस्थिति में अंतर पाया। जांच में सामने आया कि आशीष कुमार पुत्र भूपत, निवासी ग्राम सम्मोपुर पोस्ट गोपालपुर, पल्हनी थाना सिधारी जनपद आजमगढ़ के स्थान पर उसका भाई पंकज कुमार पुत्र भूपत परीक्षा दे रहा था। मामले की पुष्टि होते ही केंद्र व्यवस्थापक डॉ. रणधीर सिंह ने तत्काल लिखित तहरीर पुलिस को दी। तहरीर में दोनों भाइयों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई करने तथा मुकदमे की प्रति उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
