
आजमगढ राष्ट्रीय कैडेट कोर युवा शक्ति को एकता और अनुशासन के सूत्र में बांधकर देश सेवा के लिए कर्तव्यपरायण नागरिक तैयार करने का एक सशक्त माध्यम है।विश्व के सबसे बड़े युवा वर्दीधारी संगठन में समानता के भाव से महिला कैडेटों को भी प्रशिक्षित किया जाता है जिसमें अपनी प्रतिभा प्रदर्शन के दम पर महिला कैडेटों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए विविध क्षेत्रों में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है।उक्त सन्देश 99 यू0पी0 एन सी सी बटालियन के कमान अधिकारी ने शनिवार को देते हुए कैडेटों को 49वें अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।
डी0 ए0 वी0 कॉलेज के सहयुक्त एन सी सी अधिकारी ले0 डॉ0 पंकज सिंह ने बताया कि,महिला दिवस के अवसर पर बटालियन परिसर से बलरामपुर चौराहे तक सर्वप्रथम रैली निकालकर महिला दिवस पर जनजागरण का अभियान चलाया गया।रैली के पश्चात नारी सशक्तिकरण पर एक संगोष्ठी और पोस्टर/पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसमें श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर बटालियन से सम्बद्ध डी0ए0वी0,शिब्ली,चण्डेश्वर, मालतारी व अन्य कॉलेजों के कैडेट्स, सहयुक्त एन सी सी अधिकारी, सूबेदार मेजर रामस्वरूप चौहान और समस्त पी आई स्टाफ़ सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।