तेज साउंड सिस्टम की आवाज के बीच निकलीं 14 दुर्गा प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा, सीओ ने मौके पर पहुंचकर संभाला मामला
माहुल(आजमगढ़)। स्थानीय नगर में बुधवार की शाम दुर्गा प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा के दौरान तेज आवाज में बज रहे डीजे को लेकर सवाल उठे। विसर्जन यात्रा में शामिल साउंड सिस्टम की तेज आवाज के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे, वहीं शांति और सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात पुलिस की भूमिका भी चर्चा का विषय बनी रही। इसी दौरान टिकुरिया के पास जैसे ही विसर्जन यात्रा पहुंची सड़क पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई जिसे रोकने गए अहरौला थानाध्यक्ष और दुर्गा पूजा पंडालों के अध्यक्ष व भाजपा नेता सुजीत जायसवाल ‘आंशु’ के बीच झड़प हो गई। स्थिति बिगड़ती देख क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर विजय सिंह गौर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामले को संभाला। इसके बाद विसर्जन यात्रा आगे बढ़ाई गई जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब छह बजे माहुल नगर में स्थापित 14 दुर्गा पूजा पंडालों की प्रतिमाओं की संयुक्त विसर्जन यात्रा निकाली गई। यात्रा शिवाजी मेन चौक से होते हुए फूलपुररोड, केवटाना, सोमवारी बाजार और कुरैशी चौक सहित नगर के विभिन्न मोहल्लों से गुजरी। इस दौरान डीजे की धुन पर श्रद्धालु जमकर थिरकते रहे। नगर की महिलाओं ने जगह-जगह मां दुर्गा की आरती उतारकर उन्हें भावभीनी विदाई दी। विसर्जन यात्रा के दौरान तेज आवाज में बज रहे साउंड सिस्टम को लेकर लोगों में नाराजगी की चर्चा रही। स्थानीय स्तर पर यह भी कहा गया कि तेज ध्वनि से हृदय रोगियों और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी बीच टिकुरिया के पास थानाध्यक्ष और भाजपा नेता के बीच हुई झड़प से कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया। हालांकि, सीओ के हस्तक्षेप के बाद यात्रा को आगे बढ़ाया गया। सभी प्रतिमाओं का विसर्जन देर रात करीब 12 बजे तक संपन्न हुआ। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर विजय सिंह गौर ने कहा कि डीजे की तेज आवाज और समूह में जब लोग रहते है तो छोटी मोटी घटनाएं होती रहती है मूर्ति विसर्जन के दौरान सड़क पर वाहनों के रुकने को लेकर बात चीत हुई थी पर शांति और सफलता पूर्वक मूर्ति विसर्जन करा दिया गया।
