आजमगढ़ 99 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में डेंटल कॉलेज इटौरा चंडेश्वर में चल रहे दस दिवसीय शिविर के नौवें दिन मंगलवार को वाराणसी ‘बी’ ग्रुप एनसीसी हेडक्वार्टर के ग्रुप कैप्टन विकास कुमार पंजियार ने शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर के कोत, ऑफिस, स्टोर, ट्रेनिंग एरिया, फायरिंग एरिया, फ्लैग एरिया कम्पटीशन और अभिलेखों का अवलोकन किया। निरीक्षण से संतुष्ट होकर उन्होंने कैंप स्टाफ के कार्यों की सराहना की और आवश्यक सुझाव भी दिए। ग्रुप कमांडर ने कहा कि यह शिविर आरडीसी की पूर्व तैयारी के लिए है, जिसमें चयनित कैडेटों को फिल्टर कर जनवरी में गणतंत्र दिवस परेड के लिए प्रशिक्षित किया जाता है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का प्रयोग सावधानी से करना जरूरी है और युवाओं को इस मुद्दे पर सजग रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि एनसीसी विश्व का सबसे बड़ा युवा वर्दीधारी संगठन है। डिजिटल क्रांति के इस युग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, चैट जीपीटी, क्लाउड, जेमिनी व अन्य सॉफ्टवेयर का सकारात्मक प्रयोग युवाओं के शैक्षणिक विकास, लीडरशिप और कैरियर डेवलपमेंट के लिए महत्वपूर्ण है। औपचारिक शिक्षा के साथ एआई का प्रयोग जीवन के उत्थान के लिए आवश्यक है, लेकिन युवा पीढ़ी को इसके नकारात्मक पक्षों को जानकर उनसे बचने की भी जरूरत है।इस अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल दिनेश शर्मा, एडम ऑफिसर ले. कर्नल जे.बी. सिंह, संयुक्त एनसीसी अधिकारी, पीआई स्टाफ और कैडेट्स मौजूद रहे।
