
पीडीए का खोखला नारा देने वाले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव नहीं मिले दलित पीड़ित परिवार से
आंतरिक कलह और गुदबाजी में उलझ कर रह गई है कांग्रेस
आजमगढ़ 16 सितम्बर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ओंकार पाण्डेय ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुये कहा कि सपा अब ‘समाजवाद’ और ‘पीडीए’ के नाम पर जनता को केवल गुमराह कर रही है। कांग्रेस हाशिये पर जा चुकी है। दोनो दल अपना अस्तित्व बचाने का असफल प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन दलों की असलियत अब जनता के सामने आ चुकी है अब जनता इनके बहकावे में नहीं आने वाली नहीं है। श्री पाण्डेय ने आजमगढ़ जिले के एक दलित युवक सनी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर कहा कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी। पीडीए का खोखला नारा देने वाले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आजमगढ आकर वलीमा समारोह में शामिल तो हुये परंतु मृतक सनी के पीड़ित परिवार से मिलने की आवश्यकता तक नहीं समझे। भाजपा नेता ओंकार पाण्डेय ने आरोप लगाया कि जिस परिवार के समारोह में अखिलेश यादव शामिल हुये उस परिवार के दो सदस्यों के खिलाफ 2022 में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। श्री पाण्डेय ने कहा समाजवादी पार्टी के लोग एक तरफ सरकार पर बढ़ते अपराध को लेकर अनर्गल आरोप लगाते हैं दूसरी तरफ अपराधियों के घर जाकर उनके मेहमान बनते है। समाजवादी पार्टी का यही दोहरा चरित्र है जिसे अब जनता समझ चुकी है। श्री पाण्डेय ने कांग्रेस को लेकर भी तीखी टिप्पणी करते हुये कहा कि एक दिन के लिये विद्यालय से भीड़ जुटा लेना किसी पार्टी के लोकप्रियता का पैमाना नहीं हो सकता है। कांग्रेस अब केवल आंतरिक कलह और गुटबाजी में उलझ कर रह गयी है। तमाम जिलों में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता अपने ही पार्टी के विरुद्ध कांग्रेस के जिले एवं प्रदेश एवं केन्द्रीय कार्यालयों के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं इससे यह साफ हो जाता है कांग्रेस अब हाशिये पर जा चुकी है। श्री पाण्डेय ने दावा किया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में केवल 2% वोट पाने वाली कांग्रेस का वजूद 2027 के चुनाव में पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। कांग्रेस अब छोटे-छोटे क्षेत्रीय दलों की पिछलग्गू बन चुकी है, और जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है। भाजपा के बढ़ते हुये जनाधार का दावा करते हुये श्री पाण्डेय ने कहा कि ‘गांव चलो कार्यक्रम’ के दौरान यह स्पष्ट हुआ है कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुँचाया है। प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और लोगों का भाजपा पर विश्वास लगातार तेजी से मजबूत होता जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा उत्तर प्रदेश में पुनः पूर्ण बहुमत से सरकार बनायेगी।