
माहुल(आजमगढ़) क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर किरणपाल सिंह के निर्देश पर थानाध्यक्ष अहरौला अनिल कुमार सिंह ने होली के त्यौहार पर शांति और सौहार्द बनाए रखने हेतु पुलिस बल और संभ्रांत नागरिकों के साथ मंत्रणा करने के बाद पुलिस प्रबंधन में लग गए है। होली पर्व पर पूरे क्षेत्र में पुलिस बल के चक्रमण के साथ ही साथ मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पीएसी बल भी तैनात रहेगा। अहरौला थाने का माहुल क्षेत्र मिश्रित आबादी वाला क्षेत्र है जिसके कारण प्रशासन इस क्षेत्र पर पैनी नजर रख रहा।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार क्षेत्र के 16 गांवों में हैलिका दहन किया जाएगा। अब तक माहुल चौकी क्षेत्र के 11 डीजे संचालकों के साथ ही साथ विभिन्न गांवों के लगभग 200 लोगों को शांति भंग की संभावना की नोटिस दी है।क्षेत्र के रसूलपुर अहमद अली गांव से पुलिस ने 60 अराजक तत्वों को चिन्हित किया है।शुक्रवार को रंगोत्सव होने के कारण पुलिस इस क्षेत्र में खास सतर्कता बरत रही। सिर्फ माहुल बाजार में ही स्थानीय पुलिस के अलावा डेढ़ सेक्शन पीएसी बल की तैनाती रहेगी। इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल सिंह का कहना है कि होली पर्व पर शांति और सौहार्द हेतु पुलिस सतर्क है अराजक तत्वों पर खास नजर पुलिस रख रही है। उपद्रवी किसी भी दशा में छोड़े नहीं जाएँगे।।