जहानागंज में भुजही नहर के पास तड़के 3:45 बजे हुई मुठभेड़, 12 मुकदमों में नामजद हैं दोनों अभियुक्त
आजमगढ़। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार की सुबह थाना जहानागंज पुलिस और अंतरराज्यीय गोतस्कर गिरोह के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह का कथित शातिर सदस्य शोएब उर्फ गेंदा उर्फ पंडित गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी मुस्तफा रजा को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ बुधवार तड़के करीब 3:45 बजे ग्राम मन्दे बागीचा के पास भुजही नहर पर हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जहानागंज पुलिस क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करने वाले गिरोह के सदस्य चारपहिया वाहन से इलाके में रेकी करते हुए गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध चारपहिया गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया तो उसमें सवार लोगों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शोएब के बाएं पैर में गोली लगी। वहीं उसके साथी मुस्तफा रजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध तमंचे .315 बोर, तीन खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की चारपहिया गाड़ी, 2,150 रुपये नकद और प्रतिबंधित पशुओं को बांधने में इस्तेमाल होने वाली चार प्लास्टिक की रस्सियां बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अभियुक्तों ने संगठित गिरोह बनाकर प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करने की बात बताई है। गिरोह के सदस्य पहले चारपहिया वाहनों से सुनसान रास्तों और स्थानों की रेकी करते थे। इसके बाद ट्रक और पिकअप के माध्यम से पशुओं को हाईवे किनारे खड़े कंटेनरों में लादकर उत्तर प्रदेश से बिहार और पश्चिम बंगाल तक ले जाकर बेचते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न जनपदों में कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आयुध अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं। अभियुक्त शोएब के खिलाफ 10 और मुस्तफा रजा के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनके आपराधिक मामले इटावा, लखनऊ, मुजफ्फरनगर, कुशीनगर, मैनपुरी और आजमगढ़ जनपदों से संबंधित हैं। घटना के बाद फील्ड यूनिट ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से कराई है। इस मामले में थाना जहानागंज पर मु0अ0सं0 245/2026 के तहत बीएनएस और आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र समेत उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह तथा थाना जहानागंज के पुलिसकर्मी शामिल रहे। आजमगढ़ पुलिस का कहना है कि गोतस्करी और संगठित अपराध में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
