आजमगढ़। भाजपा नेता ओंकार पाण्डेय ने वर्ष 1990 में अयोध्या में निहत्थे कारसेवकों पर तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में हुई पुलिस फायरिंग की घटना को सपा सांसद सनातन पाण्डेय द्वारा सही ठहराये जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि निहत्थे रामभक्तों कारसेवकों पर गोली चलवाने का कृत्य लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय है। उस घटना को सही ठहराना करोड़ों हिंदुओं की आस्था और भावनाओं का अपमान है। समाजवादी पार्टी ने सत्ता में रहते हुए जो कृत्य किया उसे आज अपने नेताओं के बयानों से उचित ठहराने का प्रयास कर रही है। ओंकार पाण्डेय ने कहा कि सपा सांसद के इस बयान से सपा की तुष्टीकरण की राजनीति और हिंदू विरोधी मानसिकता एक बार फिर उजागर हो गई है। प्रभु श्रीराम करोड़ों देशवासियों की आस्था के केंद्र हैं। उन्होंने सपा नेतृत्व से सवाल किया और कहा सपा नेतृत्व को देश कि जनता को स्पष्ट रूप से बताना चाहिये कि क्या समाजवादी पार्टी आज भी निहत्थे कारसेवकों पर गोली चलवाने की कार्रवाई को सही मानती है। इतिहास के इस काले अध्याय को सपा अपने राजनीतिक बयानबाजी से मिटा नहीं सकती। रामभक्तों पर हुई गोलीबारी को उचित ठहराने वाले नेताओं को देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। देश की जनता इस घटना को हमेशा याद रखेगी और समय आने पर लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब भी देगी।
