डीएम ने अधिकारियों को लगाई फटकार,राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण और मतदाता सूची के कार्यों में लापरवाही न बरतने की दी सख्त हिदायत।
फूलपुर आजमगढ़ फूलपुर तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया।इस दौरान फरियादियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित कुल 52 शिकायतें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की।इनमें से महज चार मामलों का ही मौके पर तत्काल निस्तारण हो सका,जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में सबसे अधिक 39 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रही।इसके अलावा पुलिस विभाग की पांच,विकास विभाग की चार, विद्युत विभाग की दो तथा अन्य विभागों से संबंधित एक शिकायत प्राप्त हुई।राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों की अधिक संख्या पर डीएम ने विशेष नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व मामलों के निस्तारण के लिए टीम गठित कर मौके पर जांच कराई जाए और शिकायतों का निष्पक्ष एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के तहत लंबित मामलों को भी तत्काल निस्तारित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी संयमित व्यवहार के साथ न्यायिक प्रक्रिया में पूरी ईमानदारी एवं पारदर्शिता बरतें। मतदाता सूची से संबंधित कार्यों को निर्धारित चरणों में समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।इसमें लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर एसडीएम निकेत वर्मा,तहसीलदार गौरव कुमार,कोतवाल देवेन्द्र सिंह खंड शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार,कृष्ण कुमार,गौरव यादव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
