फरिहा आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा उमाकापुरा में गुरुवार शाम करीब 4 बजे 16 वर्षीय किशोर अभिनाश यादव पुत्र धर्मराज यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोर नीम के पेड़ पर रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुर्जर, फरिहा चौकी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी के निर्देश पर फरिहा चौकी इंचार्ज चित्रांशु मिश्रा ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी इंचार्ज चित्रांशु मिश्रा ने बताया कि मृतक के पिता से बातचीत हुई है। पिता ने बताया कि उनका बेटा नशे का आदी था, जिससे परिवार के लोग भी काफी परेशान थे। बताया जा रहा है कि मृतक दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था तथा अविवाहित था। उसके माता-पिता पंजाब के चंडीगढ़ में रहकर ट्रक चलाते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद माता-पिता घर के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। किशोर की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
