मुबारकपुर, आजमगढ़। आलमी तहरीक दावते इस्लामी की जानिब से जामा मस्जिद राजा मुबारक शाह, मुबारकपुर में भव्य वार्षिक इज्तेमा व दस्तारबंदी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की सरपरस्ती मौलाना महबूब अज़ीज़ी ने की। इज्तेमा का आगाज कारी मुहम्मद रहबर ने तिलावते कलामे पाक से किया। इसके बाद नईम अशरफ अत्तारी, मुहम्मद अरशद अत्तारी और अब्दुल कलाम अत्तारी ने हम्द व नात पेश की। इस अवसर पर हाजी ज़ुबैर अत्तारी ने खौफे खुदा और पड़ोसियों के साथ अच्छे व्यवहार की अहमियत पर रोशनी डाली। जामिया अशरफिया के उस्ताद मौलाना मसूद अहमद बरकाती ने हाफिजे कुरआन के फजाइल और बरकात बयान किए। सैयद वसीक शाह अत्तारी ने सफरे आखिरत की तैयारी और गुनाहों से बचने की नसीहत की। वहीं कारी सद्दाम अत्तारी ने भी अपने खिताब में महत्वपूर्ण बातें कहीं। तहरीके दावते इस्लामी के विभाग मदरसतुल मदीना के नाजिम मौलाना अब्दुल करीम ने बताया कि मदरसा फैजाने मदीना के फुल टाइम और शॉर्ट टाइम पाठ्यक्रम पूरा करने वाले छात्रों की दस्तारबंदी की गई। इस मौके पर अल्लामा मुहम्मद अहमद मिस्बाही के हाथों 9 छात्रों को कुरआने पाक हिफ्ज करने पर दस्तारे हिफ्ज और सनद से नवाजा गया, जबकि 67 छात्रों को नाजरा कुरआन मुकम्मल करने पर प्रमाणपत्र और तोहफे देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा मदरसे के असातिजा, स्टाफ और विभाग के निगरानों की भी सैयद वसीक शाह के हाथों तोहफे देकर हौसला अफजाई की गई। इस अवसर पर निगराने डिवीजन अबू तल्हा अत्तारी, मौलाना महमूद मिस्बाही, मौलाना नईम अख्तर मिस्बाही, मौलाना अब्दुल गफ्फार मिस्बाही, मौलाना मुहम्मद अशरफ मिस्बाही, हाजी महमूद अख्तर नोमानी, हाजी मुहम्मद जाबिर, हाजी एहसान अहमद, खालिद कमाल अत्तारी, मौलाना इसामुद्दीन बरकाती, मौलाना वसीम फारूक मिस्बाही, अजहरुद्दीन, फहीम अत्तारी, उबैदा हसन अत्तारी, जफर अत्तारी, आमिर सिराज अत्तारी, हाफिज नूर और कारी अहमद रजा अत्तारी समेत बड़ी संख्या में उलमा, मुबल्लिगीन, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
