मुबारकपुर (आजमगढ़)। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत मंगलवार को थाना मुबारकपुर स्थित मिशन शक्ति केंद्र को मॉडल केंद्र के रूप में विकसित करते हुए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सशक्तिकरण, अधिकारों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान पात्र एवं सरकारी योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं के साथ चौपाल लगाई गई। इसमें स्कूल-कॉलेज की छात्राओं, एनजीओ प्रतिनिधियों तथा अन्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया और मिशन शक्ति केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया गया। साथ ही महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा एंबुलेंस सेवा 102 और 108 की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक शशि चंद्र चौधरी, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी महिला उपनिरीक्षक रूपम वर्मा, उपनिरीक्षक कमला सिंह, उपनिरीक्षक प्रदीप मिश्रा, आरक्षी शब्बीर अहमद, महिला आरक्षी सुधा शर्मा, महिला आरक्षी शिवानी शुक्ला सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
