मुबारकपुर (आजमगढ़)।मुबारकपुर-सठियांव मुख्य मार्ग पर सबा कान्वेंट स्कूल के सामने गुरुवार दोपहर करीब दो बजे तेज रफ्तार ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा में सवार 14 वर्षीय छात्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ई-रिक्शा और चालक को कब्जे में ले लिया। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पुरारानी मोहल्ला निवासी खदीजा (14) पुत्री इरफान अहमद अपनी सहेलियों के साथ ई-रिक्शा पर सवार होकर घर से मिल्लतनगर स्थित अपनी सहेली के घर जा रही थी। जैसे ही ई-रिक्शा सबा कान्वेंट स्कूल के सामने पहुंचा, वह अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ई-रिक्शा तेज गति से जा रहा था। हादसे में खदीजा गंभीर रूप से सड़क पर जा गिरी। आसपास के लोगों ने उसे उठाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ई-रिक्शा में सवार अन्य छात्राएं बाल-बाल बच गईं। परिजनों के अनुसार खदीजा अंसार गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा आठ की छात्रा थी। वह पांच बहनों और एक भाई में दूसरे नंबर की थी। उसके पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में विदेश में रहते हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक शशि चंद चौधरी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। ई-रिक्शा और चालक को कब्जे में लेकर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
