लालगंज (आजमगढ़) स्थानीय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ‘विकसित भारत 2047’ विषय पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि एवं वक्ता राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, आजमगढ़ के प्राध्यापक एवं कुलसचिव डॉ. अम्बरीश सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संवाद के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व की क्षमता विकसित होती है और यही क्षमता उन्हें भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए सशक्त बनाती है। डॉ. अम्बरीश सिंह ने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य और उसमें युवाओं की भूमिका पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान छात्रा प्रज्ञा तिवारी ने शिक्षा एवं नौकरी में आरक्षण की व्यवस्था को लेकर मुख्य अतिथि से प्रश्न किया। इस पर सार्थक चर्चा हुई और विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं।कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजय बहादुर सिंह ने किया। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य भानु प्रताप त्रिपाठी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।इसअवसर पर नगर प्रचारक सक्षम सहित विद्यालय के समस्त भैया-बहन, आचार्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के साथ हुआ।
