सगड़ी आजमगढ़ जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार एक किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, समुंदरपुर गांव के रहने वाले हदीद (16) पुत्र सलीम और अमन (20) पुत्र जैश बाइक पर सवार होकर अल्लीपुर में स्थित सफ़र ताज़ गैस एजेंसी की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वे सगड़ी तहसील स्थित सीओ आवास से करीब 100 मीटर आगे पहुंचे, तभी दोहरीघाट से आजमगढ़ की ओर जा रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे में 16 वर्षीय हदीद की मौके पर ही जान चली गई, जबकि अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। वही बस भी अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे लगे बिजली के पोल में टकरा गयी। जिससे अफरा तफरी मच गई। वही हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने तुरंत घायल अमन को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर, हादसे की जानकारी मिलने पर परिवहन निगम की जेएसआई चंद्रकला शुक्ला ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की पड़ताल की। युवक की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हदीद के पिता सलीम सऊदी रहते हैं। माता अनिशा बानो का रो रो का बुरा हाल रहा। और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। वही जीयनपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
