मुबारकपुर, आजमगढ़। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा-2026 के घोषित परिणाम में मुबारकपुर थाने पर तैनात तीन आरक्षियों ने सफलता हासिल कर आजमगढ़ पुलिस का गौरव बढ़ाया है। नियमित पुलिस ड्यूटी के साथ कठिन परिश्रम और अनुशासित तैयारी के बल पर तीनों आरक्षियों का उपनिरीक्षक पद पर चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर थाना मुबारकपुर परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। प्रभारी निरीक्षक शशिचंद्र चौधरी ने चयनित तीनों आरक्षियों को अंगवस्त्र पहनाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि व्यस्त पुलिस ड्यूटी के साथ निरंतर अध्ययन कर उपनिरीक्षक जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में सफलता प्राप्त करना अत्यंत सराहनीय उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि तीनों आरक्षियों की यह सफलता विभाग के अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और वे नई जिम्मेदारी के साथ विभाग एवं समाज की बेहतर सेवा करेंगे। सम्मान समारोह के दौरान थाना मुबारकपुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की तथा चयनित आरक्षियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उपनिरीक्षक पद पर चयनित आरक्षी अखिलेश कुमार तिवारी, निवासी ग्राम देवगढ़ कमासिन, थाना रानीगंज, जनपद प्रतापगढ़। सूरज यादव, निवासी ग्राम जोगीपुर, थाना कंधई, जनपद प्रतापगढ़, दीपक सिंह, निवासी ग्राम पगार मठिया बरबात, जनपद कुशीनगर शामिल हैं। जनपद आजमगढ़ पुलिस ने तीनों चयनित आरक्षियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर प्रयास के बल पर पुलिस ड्यूटी के साथ भी प्रतियोगी परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की जा सकती है।
