नवजात बच्ची के पालन-पोषण के लिए सरकारी सहायता का आश्वासन, पुलिस की कार्यशैली पर भी उठे सवाल
माहुल(आजमगढ़)। फूलपुर तहसील क्षेत्र के रसूलपुर अहमद अली माहुल स्थित शहनाज मेमोरियल चिकित्सालय में प्रसूता की मौत के मामले ने अब राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी तूल पकड़ लिया है। सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं भाजपा कार्यकारिणी के प्रदेश सदस्य जयनाथ सिंह मृतका करिश्मा के गांव नाटी पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिले और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि आरोपित चिकित्सक दंपति डॉ. अकबर खान और डॉ. निकहत खान के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी तथा उन पर गैंगस्टर एक्ट लगाए जाने की मांग शासन स्तर तक उठाई जाएगी। जयनाथ सिंह ने प्रसूता के पति ओमकार मौर्य से पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद कहा कि यदि जांच में चिकित्सकों की भूमिका दोषपूर्ण पाई जाती है तो उनके पूरे अवैध साम्राज्य पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने नवजात बच्ची के पालन-पोषण के लिए सरकार से आर्थिक सहायता दिलाने का भी आश्वासन दिया। मुलाकात के दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद अहरौला पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक नहीं रही। इस पर जयनाथ सिंह ने कहा कि वह इस संबंध में पुलिस अधीक्षक से वार्ता करेंगे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए शासन स्तर तक मामला उठाएंगे। इस दौरान प्रसूता के पति ओमकार मौर्य ने क्षेत्र के एक भाजपा नेता पर आरोप लगाया कि उन्होंने अस्पताल संचालक से कथित आर्थिक लेन-देन कर प्रशासन पर दबाव बनाया, जिससे पुलिस कार्रवाई प्रभावित हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिजनों की इच्छा के विरुद्ध पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर नामित सभासद सुजीत जायसवाल आँशु, अमित कुमार सिंह, पूर्व जिलामंत्री दिलीप सिंह, सुधीर राजभर, अतुल मोदनवाल, वैभव मिश्र, बांकेलाल मौर्य, चंदन सिंह, महगू प्रजापति सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।।
