माहुल(आजमगढ़)। क्षेत्र के रसूलपुर अहमद अली गांव में प्रसूता की मौत मामले में अहरौला पुलिस ने रविवार को आरोपित डा अकबर खान और उनकी पत्नी निकहत खान की तलाश में उनके माहुल स्थित आवास पर जबरदस्त छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस के इस अभियान में सफलता तो नहीं मिली पर मोहल्ले में एक घंटे तक हड़कंप मचा रहा। थानाध्यक्ष अहरौला मंतोष सिंह की अगुआई में चौकी प्रभारी माहुल यश सिंह पटेल और उपनिरीक्षक नीतेश चौबे के साथ 50 की संख्या में पुलिस फोर्स शाम साढ़े सात बजे डा अकबर खान के पठान मोहल्ला स्थित आवास पर पहुंची उसके बाद उनके आवास की सघन तलाशी लेने के साथ ही साथ उनके भाइयों के आवास पर भी इन दोनों आरोपितों को तलाश किया। इस छापेमारी में पुलिस को कोई सफलता तो नहीं मिली पर मोहल्ले में हड़कंप मच गया और लोग पुलिस को देख कर अपने अपने घरों में दुबक गए। इस संबंध में थानाध्यक्ष अहरौला मंतोष सिंह ने बताया कि प्रसूता की मौत मामले में अभियुक्त शहनाज मेमोरियल चिकित्सालय के संचालक डा अकबर खान और डॉ निकहत खान की तलाश में पुलिस लगी है। जल्दी ही ये दोनों पुलिस की गिरफ्त में होगे।।
