मुबारकपुर आजमगढ़ सबा कॉन्वेंट स्कूल, भटौरा (आजमगढ़) में शनिवार को डिवाइन एजुकेशन इंडिया के तत्वावधान में “बहु-बुद्धि और शिक्षण शैलियाँ (Multiple Intelligence and Teaching Styles)” विषय पर एक दिवसीय क्षमता निर्माण (Capacity Building) शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन बी.के.एस. मेमोरियल पब्लिक स्कूल, मिर्जापुर के अकादमिक निदेशक एवं प्रधानाचार्य डॉ. सुजॉय चक्रवर्ती तथा डिवाइन एजुकेशन इंडिया के प्रशासनिक निदेशक महेन्द्र सिंह ने किया। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने शिक्षकों को सीबीएसई के नवीनतम दिशानिर्देशों, दक्षता-आधारित शिक्षा (Competency-Based Education), प्रभावी आकलन एवं मूल्यांकन तकनीकों तथा कक्षा शिक्षण में उनके व्यावहारिक उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम डिवाइन एजुकेशन इंडिया के प्रशासनिक निदेशक मानव महेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इसमें विद्यालय के लगभग 62 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों की जानकारी प्राप्त की। प्रशिक्षण के समापन पर विद्यालय के प्रबंधक अफ़रोज़ अहमद ने सभी प्रतिभागी शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र वितरित किए। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या उम्मे अमीना एवं वाइस प्रिंसिपल अंसल नियाज़ी ने सभी अतिथियों, रिसोर्स पर्सन्स और प्रतिभागी शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों के सतत व्यावसायिक विकास के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के व्यावसायिक कौशल को विकसित करने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण को बढ़ावा देने तथा सीबीएसई की नवीनतम शैक्षिक अपेक्षाओं के अनुरूप शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
